पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में गुरुवार को मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक राज्य में 62.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं तमिलनाडु में इसी समय तक 56.81 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई।
इससे पहले सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में 41.11 प्रतिशत और तमिलनाडु में 37.56 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था।
152 सीटों पर जारी है मतदान
पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। यह राज्य में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव का पहला चरण है।
सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर खास उत्साह नजर आया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक अब तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।









