सैनिकों और गरीबों पर की गई विवादित टिप्पणी पर भड़के BHU छात्र, मंत्री दयाशंकर सिंह से की मांफी की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा सैनिकों और गरीबों के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के छात्रों ने गुरुवार को बड़ा प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में जुटे छात्रों ने सैनिकों और किसानों के सम्मान में जोरदार नारेबाजी की और मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की।

यह विरोध मार्च महिला महाविद्यालय से सिंह द्वार तक निकाला गया। छात्रनेता पुनीत सिंह और प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में निकले इस मार्च में छात्रों ने “सैनिक का अपमान नहीं सहेंगे”, “गरीब का मज़ाक नहीं चलेगा” और “जय जवान – जय किसान – जय बलिया – जय काशी” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि सैनिकों का बलिदान और किसानों की मेहनत इस देश की रीढ़ है। उनका अपमान पूरे राष्ट्र की आत्मा को ठेस पहुँचाने जैसा है।

छात्रनेता पुनीत सिंह ने कहा, “यह आंदोलन किसी पार्टी या विचारधारा का नहीं, बल्कि देश की अस्मिता का है। सैनिक और किसान का अपमान हम किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक मंत्री जी सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, आंदोलन जारी रहेगा।”

वहीं, छात्रनेता प्रभाकर सिंह ने कहा, “काशी की धरती से उठी आवाज पूरे देश में गूंजेगी। मंत्री का बयान निंदनीय और शर्मनाक है। यदि माफी नहीं मिली तो आंदोलन और तेज़ होगा।”

छात्रों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस मुद्दे को हल्के में लिया गया तो आंदोलन की गूंज काशी से लखनऊ और दिल्ली तक सुनाई देगी।

आज के प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि BHU का छात्र समाज सैनिकों और किसानों की गरिमा की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें