कफ सिरप तस्करी में बड़ी कार्रवाई, STF ने पूर्व सपा नेता अमित यादव को किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की लखनऊ टीम ने मैदागिन निवासी अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरहुआ स्थित रिंग रोड काशीधाम के पास से दबोचा गया।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, अमित यादव लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था। उसकी तलाश लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज एक मामले में की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

जानकारी के अनुसार, अमित यादव समाजवादी पार्टी की युवजन सभा में प्रदेश सचिव रह चुका है और हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसके राजनीतिक संबंधों को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बंगाल और बांग्लादेश तक सप्लाई का खुलासा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा था। कफ सिरप की खेप पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक पहुंचाई जा रही थी। पूछताछ में अमित यादव ने बताया कि कॉलेज के दिनों में उसकी मुलाकात शुभम नाम के युवक से हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि रांची स्थित एक फर्म इस नेटवर्क से जुड़ी थी।

फर्जी फर्मों के जरिए अवैध बिक्री

एसटीएफ के मुताबिक, अमित यादव ने वाराणसी की सप्तसागर दवा मंडी में स्थित अपनी फर्म ‘जीएल सर्जिकल’ के माध्यम से एक लाख से अधिक कफ सिरप की शीशियां खरीदी थीं। बाद में इन दवाओं को कागजों में फर्जी फर्मों के नाम पर दिखाकर ऊंचे दामों पर अवैध रूप से बेचा गया।

पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमित यादव के खिलाफ पहले भी दंगा, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल एसटीएफ पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध दवा कारोबार के बड़े गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें