बीएमसी चुनाव से पहले NCP (शरद पवार गुट) को बड़ा झटका, मुंबई अध्यक्ष राखी जाधव बीजेपी में शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के शरद पवार गुट को करारा झटका लगा है। पार्टी की मुंबई अध्यक्ष राखी जाधव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया। उन्होंने पहले बीजेपी विधायक पराग शाह से मुलाकात की और बाद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वर्षा बंगले पर भेंट कर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हुईं।

बीते कुछ दिनों से यह अटकलें तेज थीं कि शरद पवार गुट की एनसीपी मुंबई में किसके साथ गठबंधन करेगी—उद्धव ठाकरे गुट या कांग्रेस के साथ। इसी बीच बीजेपी ने रणनीतिक बढ़त लेते हुए एनसीपी की मुंबई अध्यक्ष को अपने पाले में कर लिया, जिसे चुनाव से ठीक पहले शरद पवार गुट के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

सीट बंटवारे से थी नाराजगी

सूत्रों के अनुसार, राखी जाधव लंबे समय से सीट बंटवारे को लेकर असंतुष्ट थीं। पार्टी विभाजन के बाद उन्होंने शरद पवार का साथ दिया था, लेकिन गठबंधन में अपेक्षित हिस्सेदारी न मिलने से उनकी नाराजगी बढ़ती चली गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने शरद पवार को 52 संभावित उम्मीदवारों की सूची सौंपी थी और कम से कम 30 सीटों की मांग की थी, जो पूरी नहीं हो सकी। इसी के चलते उन्होंने नेतृत्व पर पर्याप्त प्रयास न करने का आरोप लगाया।

बीजेपी दे सकती है टिकट, अंदरूनी विरोध की आशंका

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी उन्हें घाटकोपर क्षेत्र से टिकट दे सकती है। हालांकि, जिस वार्ड से भी उन्हें उम्मीदवार बनाया जाएगा, वहां स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं के विरोध और बगावत की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पार्टी को अंदरूनी असंतोष का सामना करना पड़ सकता है।

बीएमसी चुनाव से पहले राखी जाधव का बीजेपी में जाना मुंबई की राजनीति में बड़ा फेरबदल माना जा रहा है और इससे चुनावी समीकरणों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें