यूपी पुलिस भर्ती में बड़ा बदलाव, अब नहीं होगी माइनस मार्किंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल और जेल वार्डर बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। योगी सरकार की कैबिनेट ने एक अहम फैसला लेते हुए भर्ती परीक्षा से नेगेटिव मार्किंग पूरी तरह समाप्त कर दी है। अब गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के अंक नहीं काटे जाएंगे, जिससे वे बिना डर के परीक्षा में सवाल हल कर सकेंगे।

कैबिनेट ने दी संशोधन को मंजूरी

राज्य सरकार ने बाई सर्कुलेशन के जरिए इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत

  • उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी एवं मुख्य आरक्षी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली 2025

  • यूपी कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग जेल वार्डर संवर्ग सेवा (द्वितीय संशोधन) नियमावली 2025

को स्वीकृति दी गई है। इन संशोधनों के बाद कांस्टेबल और जेल वार्डर भर्ती परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान खत्म हो गया है।

अभ्यर्थियों को होगा सीधा फायदा

अब तक की व्यवस्था में गलत जवाब देने पर अंक कटने का डर रहता था, जिसके चलते कई अभ्यर्थी सवाल छोड़ देते थे। नए नियम के बाद उम्मीदवार ज्यादा आत्मविश्वास के साथ प्रश्न हल कर सकेंगे और अधिक सवाल अटेम्प्ट कर पाएंगे। इससे सही उत्तरों की संख्या बढ़ने और बेहतर मेरिट बनने की संभावना भी बढ़ेगी। यह फैसला खासकर ग्रामीण पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

जल्द जारी होगी अधिसूचना

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड जल्द ही नियमावली में संशोधन की अधिसूचना जारी करेगा। आने वाली सभी कांस्टेबल और जेल वार्डर भर्तियों में यही नया नियम लागू होगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें