26 जनवरी से पहले बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़, पंजाब के होशियारपुर से 2.5 किलो RDX के साथ चार आतंकी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब के होशियारपुर में पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार खतरनाक आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2.5 किलो आरडीएक्स से तैयार आईईडी और दो पिस्तौल बरामद की गई हैं।

चार आतंकियों की गिरफ्तारी, सभी पंजाब के रहने वाले

पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी उर्फ हरी, अजय उर्फ महिरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला के रूप में हुई है। ये सभी एसबीएस नगर जिले के राहों क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से हथियार भी जब्त किए हैं।

गणतंत्र दिवस पर हमले की थी साजिश

डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आतंकी मॉड्यूल गणतंत्र दिवस समारोहों को निशाना बनाकर बड़े हमले की योजना बना रहा था। बरामद आरडीएक्स-आधारित आईईडी का इस्तेमाल इसी साजिश को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

अमेरिका से मिल रहे थे निर्देश

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस मॉड्यूल को अमेरिका में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के हैंडलर संचालित कर रहे थे। आतंकियों को पाकिस्तान की आईएसआई के जरिए विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी। इस गिरोह का मकसद पंजाब में शांति भंग करना और टारगेटेड आतंकी हमलों को अंजाम देना था।

खुफिया सूचना पर संयुक्त कार्रवाई

होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मलिक ने बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर होशियारपुर पुलिस और सीआई जालंधर की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर चारों संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके अन्य साथियों और नेटवर्क को लेकर अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

जांच जारी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस आतंकी साजिश में और कौन-कौन शामिल था और विस्फोटक सामग्री कहां-कहां सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने साफ किया है कि प्रदेश की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें