Bihar Chunav : तेजस्वी-राहुल पर केशव प्रसाद मौर्य का तंज, कहा- साथ में लगते है जंगलराज रिटर्न्स 2.0…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाज़ी चरम पर पहुंच गई है। नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर करारा निशाना साधा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब तेजस्वी यादव और राहुल गांधी एक साथ मंच साझा करते हैं तो ऐसा लगता है जैसे “जंगलराज रिटर्न्स 2.0” की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता बिहार को फिर से उसी अंधकार में धकेलना चाहते हैं, जिससे एनडीए सरकार ने बड़ी मुश्किल से राज्य को बाहर निकाला था।

सोशल मीडिया पर केशव मौर्य का तीखा हमला

डिप्टी सीएम मौर्य ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए महागठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा , जब तेजस्वी यादव और राहुल गांधी एक साथ मंच साझा करते हैं, तो यह दृश्य किसी चुनावी गठबंधन से अधिक, जंगलराज रिटर्न्स 2.0 की पटकथा जैसा लगता है।

उन्होंने आगे कहा, वंशवाद और भ्रष्टाचार की विरासत के प्रतीक दोनों नेता मिलकर बिहार को फिर उसी अंधकार की ओर धकेलने की तैयारी में हैं, जिससे राज्य को एनडीए के सुशासन ने कठिनाई से मुक्त कराया था। अब बिहार की जनता सावधान है, क्योंकि उन्हें पता है – जंगलराज वालों की खुशहाली, बिहार की बदहाली है।”

एनडीए को बताया मजबूत, पहले चरण में मिली बढ़त का दावा

केशव प्रसाद मौर्य इन दिनों बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में लगातार प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण की वोटिंग में ही एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिल चुकी है।

उनके अनुसार, “बिहार में मतदान का पहला चरण पूरी तरह एनडीए के नाम रहा। न तेजस्वी यादव की लहर चली, न राहुल गांधी की। सपा नेता अखिलेश यादव भी बिहार की जनता को प्रभावित करने में नाकाम रहे।”

दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को

बता दें कि 6 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग संपन्न हो चुकी है। अब राज्य में 11 नवंबर को दूसरे और आखिरी चरण का मतदान होना है। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। 9 नवंबर को प्रचार का अंतिम दिन है और इसी के चलते दोनों गठबंधन एनडीए और महागठबंधन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें