वाराणसी। सार्वजनिक सूचना पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में 18 जनवरी (रविवार) को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे, ताकि मतदाता अपनी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करा सकें।
इस विशेष अभियान के तहत मतदाता नए नाम जोड़ने, गलतियों में संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए संबंधित फॉर्म जमा कर सकेंगे। जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में आवेदन कर सकते हैं। वहीं मृतक, स्थानांतरित या दोहरे नाम वाले मतदाताओं को हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या जन्मतिथि में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा। जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं या जिनकी जानकारी में त्रुटि है, उन्हें 6 फरवरी तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। इसके बाद SIR प्रक्रिया पूरी होने पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि फॉर्म-6 भरते समय अपना मोबाइल नंबर जरूर दर्ज करें, ताकि आवेदन स्वीकृत होने के बाद 15 दिनों के भीतर ई-मतदाता पहचान पत्र (e-EPIC) डाउनलोड किया जा सके। जिन मतदाताओं के पास प्रिंटेड पहचान पत्र नहीं है, वे मोबाइल या डिजिटल ई-EPIC के जरिए भी पहचान सत्यापित कर सकते हैं।
मतदाता ऑनलाइन आवेदन करने और अपनी स्थिति जानने के लिए https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।










