वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में फिल्म निर्माण में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 2 करोड़ 83 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुरु प्रसाद, निवासी टुमकुर (कर्नाटक) और वर्तमान में मणिकर्णिका घाट स्थित काशी गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आनंद गुप्ता, पल्लवी आनंद गुप्ता, प्रकाश मधुकर पाटिल, लालू चंद गुप्ता, शीतल प्रमोद मेहता और अनिल कुमार रेड्डी ने खुद को एक फिल्म प्रोडक्शन कंपनी से जुड़ा बताया था। आरोपितों ने एक बड़ी फिल्म परियोजना में निवेश का प्रस्ताव देते हुए छह महीने के भीतर धनराशि दोगुनी करने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित के अनुसार, दिसंबर 2022 में बाबतपुर स्थित एक होटल में पहली बैठक हुई थी। बैठक में आरोपितों ने वाराणसी सहित अन्य शहरों में फिल्म की शूटिंग कराने की योजना बताई और प्री-प्रोडक्शन, शूटिंग व्यवस्था तथा कलाकारों की फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे मांगे। भरोसे में आकर पीड़ित ने कुल 2 करोड़ 83 लाख रुपये आरोपितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो फिल्म का निर्माण शुरू हुआ और न ही रकम वापस की गई। जब पीड़ित ने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










