चीन के दक्षिणी इलाके ग्वांग्शी में सोमवार तड़के आए तेज भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.2 दर्ज की गई। झटके इतने तेज थे कि कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए।
सरकारी मीडिया के मुताबिक, भूकंप की वजह से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। प्रशासन ने करीब सात हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। आपातकालीन सेवाओं की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।
अधिकारियों को आशंका है कि कुछ लोग अब भी क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे में फंसे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
13 इमारतें तबाह, कई घायल
चीन के सरकारी मीडिया China Central Television (CCTV) की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के चलते कम से कम 13 इमारतें पूरी तरह तबाह हो गईं। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।
घायलों में से 4 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रेल यातायात पर असर
भूकंप के बाद इलाके में सार्वजनिक यातायात भी प्रभावित हुआ है। खासकर रेल सेवाओं को एहतियातन रोक दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक और अन्य ढांचों की जांच पूरी होने के बाद ही रेल यातायात बहाल किया जाएगा।
भूकंप के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।










