बंद पेट्रोल पंप बना अवैध गोदाम, वाराणसी में पकड़ी गई कमर्शियल गैस सिलेंडर की बड़ी खेप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। एलपीजी गैस की किल्लत के बीच वाराणसी में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। कैंट पुलिस ने चौकाघाट इलाके में एक बंद पड़े पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में छापा मारकर 200 से अधिक भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

बंद पेट्रोल पंप बना था अवैध गोदाम

पुलिस के अनुसार, यह पूरा भंडारण एक बंद पेट्रोल पंप की इमारत में किया गया था। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां भारी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर पाए गए।

कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सिलेंडरों की गिनती अभी जारी है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मिर्जापुर की गैस एजेंसी का निकला माल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैस सिलेंडर मिर्जापुर के अदलहाट स्थित ‘सनराइज गैस एजेंसी’ के हैं। आरोप है कि एजेंसी संचालकों ने अवैध तरीके से वाराणसी में सिलेंडरों का स्टॉक जमा कर रखा था और यहां से होटलों व रेस्टोरेंट्स को ऊंचे दामों पर सप्लाई की जा रही थी।

जांच में जुटी पुलिस और सप्लाई विभाग

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद अवैध भंडारण और सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किल्लत के बीच कालाबाजारी का शक

गौरतलब है कि इन दिनों एलपीजी की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में इस तरह के अवैध भंडारण से कालाबाजारी की आशंका और भी बढ़ जाती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें