नेहरू का रिकॉर्ड टूटने पर सीएम योगी ने दी पीएम मोगी को बधाई, बोले- ‘तप, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का मिला सम्मान’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र में जनविश्वास और जनसमर्थन की ऐतिहासिक अभिव्यक्ति बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं।

‘एक युग की चेतना का प्रतीक बन गया है नेतृत्व’

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित न रहकर एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाए।

उन्होंने लिखा कि भारतीय लोकतंत्र का यह ऐतिहासिक कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का परिणाम है, जिसने करोड़ों लोगों को विकसित भारत के सपने से जोड़ा है।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री की राष्ट्रसेवा को समर्पित यह निरंतर साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही उनकी मंगलकामना है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों तक देश की सेवा करना भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है।

केशव मौर्य ने अपने संदेश में कहा कि एक साधारण और गरीब परिवार से निकलकर अथक परिश्रम, मजबूत संकल्प और जनसेवा के बल पर देश का सर्वोच्च जनादेश प्राप्त करना करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि बिना किसी राजनीतिक विरासत, वंशवाद या विशेषाधिकार के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा देश के युवाओं, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और श्रमजीवी परिवारों को नया विश्वास और नई उम्मीद देती है।

4399 दिन पूरे कर बनाया रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें