लखनऊ। प्रदेश में घने कोहरे और बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक विभाग और नगर निकायों से कहा है कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़कों, गलियों, हाईवे और एक्सप्रेस-वे तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए। एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और वहां विशेष टीमें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही क्रेन और एम्बुलेंस की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
टोल प्लाजा पर चेतावनी, ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों को कोहरे और कम दृश्यता को लेकर लगातार चेतावनी दी जाए। खराब विजिबिलिटी में ट्रैफिक प्रबंधन को प्राथमिकता देने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई करने के भी आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सड़क प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाए। एनएचएआई और स्टेट हाईवे प्राधिकरण के साथ बेहतर समन्वय कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया है।
खुले में कोई न सोए
ठंड और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ न मिले। निराश्रितों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, जहां हीटर, अलाव और कंबल की पर्याप्त व्यवस्था हो। इसके अलावा गोशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए भी अलाव और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कोहरे में सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन की गाइडलाइन
प्रशासन ने धुंध और कोहरे के दौरान सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रैवल गाइडलाइन भी जारी की है—
-
वाहन की गति तय सीमा से कम रखें
-
फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और हेडलाइट लो-बीम पर रखें
-
इमरजेंसी इंडिकेटर चालू रखें
-
आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
-
एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन न बदलें
-
ओवरटेकिंग से बचें
-
बहुत घना कोहरा होने पर यात्रा टालें
-
वाहन के पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाएं
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और ठंड व कोहरे के मौसम में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










