पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले सियासी माहौल पूरी तरह गरम हो चुका है। रविवार को सुपौल में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को मतगणना के दिन एनडीए एक बार फिर बिहार में सत्ता में लौटेगा।
भीड़ देख बोले योगी—बिहार में एनडीए की जीत तय
सीएम योगी ने जनसभा में उमड़ी भीड़ को देख कहा कि जनता के इस जोश से स्पष्ट है कि न सिर्फ छातापुर, बल्कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर है। उन्होंने कहा, “जब ईवीएम खुलेगी, तो जनता का फैसला विकास और सुशासन के पक्ष में ही जाएगा।”
बिहार की गौरवशाली धरोहर का किया स्मरण
सीएम योगी ने बिहार के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि यह वही भूमि है, जिसने भगवान महावीर, चाणक्य, चंद्रगुप्त मौर्य और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महान व्यक्तित्व देश को दिए। उन्होंने कहा, “लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक कर्पूरी ठाकुर की यह धरती भारत के स्वर्णिम अध्याय की जननी रही है।”
विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कांग्रेस और राजद पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “जिस बिहार ने आर्यभट्ट जैसा महान वैज्ञानिक दिया, उसी बिहार को इन दलों ने बीमारू को राज्य बना दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि अराजकता, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने बिहार की छवि को नुकसान पहुंचाया और नौजवानों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया।
ज्ञान की धरती को शिक्षा में पीछे धकेल दिया — योगी
सीएम योगी ने कहा कि नालंदा जैसी प्राचीन शिक्षा परंपरा वाली भूमि को इन दलों ने शिक्षा और विकास के मामले में सबसे पीछे छोड़ दिया। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार बिहार में विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए एनडीए को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाएं।










