लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए भव्य तिरंगा यात्रा की अगुवाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत मां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, महापुरुषों और वीर सैनिकों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सेल्फी ली और सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की गूंज के बीच तिरंगा यात्रा लखनऊ की सड़कों से होकर गुज़री, जिसमें मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट और स्काउट-गाइड्स शामिल रहे।
योगी आदित्यनाथ ने तिरंगे को देश के सम्मान और सैनिकों की वीरता का प्रतीक बताते हुए हर घर में इसे फहराने का आह्वान किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए भारत की ताकत और साहस की सराहना की और 140 करोड़ नागरिकों से अपील की कि वे निजी स्वार्थ छोड़कर राष्ट्र के गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही, समाज में विभाजन फैलाने वालों को उजागर करने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ 2047 के लक्ष्य को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस विज़न को ‘विकसित उत्तर प्रदेश-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ाएगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, विधायक नीरज बोरा, जया देवी, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नीरज सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।










