प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां पूरी रफ्तार पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को खुद शहर में तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सुबह उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास किए जाने वाले प्रोजेक्ट्स की सूची देखी और उनकी प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद सीएम ने सर्किट हाउस सभागार में 11 बजे सभी विभागीय अधिकारियों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट के साथ तलब कर आवश्यक निर्देश दिए।

पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री के आगमन से पहले शहर में सुरक्षा, ट्रैफिक और आयोजन स्थलों की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद वे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे विभाग से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यहीं से प्रधानमंत्री मोदी तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

सर्किट हाउस में जनता से संवाद करने के बाद सीएम योगी काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से विशेष अभिषेक किया।

पीएम मोदी 7 नवंबर की शाम पहुंचेंगे काशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर की शाम पांच बजे दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। वे पहले बिहार के भभुआ में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद विशेष विमान से लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) पहुंचेंगे और फिर हेलिकॉप्टर से बरेका गेस्ट हाउस जाएंगे।
गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे। देर रात उनके काशी की गलियों में भ्रमण और रोपवे परियोजना के स्थलीय निरीक्षण की भी संभावना जताई जा रही है।
आठ नवंबर को तीन वंदे भारत को हरी झंडी
अगले दिन यानी 8 नवंबर की सुबह, प्रधानमंत्री मोदी बनारस रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना करेंगे। इनमें एक ट्रेन बनारस से खजुराहो के लिए चलेगी। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए एसपीजी की गाइडलाइन के तहत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 से 8 तक 8 नवंबर तक कोई ट्रेन नहीं गुजरेगी। वहीं, दो ट्रेनों को अस्थायी रूप से वाराणसी सिटी स्टेशन से संचालित किया जाएगा।
छह स्थानों पर होगा पीएम मोदी का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए भाजपा की जिला और महानगर इकाइयों ने विशेष तैयारी की है। पार्टी ने तय किया है कि प्रधानमंत्री का छह स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि स्वागत स्थलों में संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता मार्ग, और बरेका एफसीआई गोदाम के पास शामिल हैं। प्रत्येक स्थान पर स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे।










