उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का कहर जारी, कई राज्यों में बारिश के आसार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में 10 और 11 जनवरी को शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 10 जनवरी को, जबकि राजस्थान में 11 से 14 जनवरी के बीच ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।
इसके अलावा 10-11 जनवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड


IMD के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश में राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर दी है। अगले 2-3 दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से कुछ राहत मिलने की संभावना है। धूप निकलने से ठंड और कोहरे में कमी आ सकती है। हालांकि कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।

हिमाचल प्रदेश में माइनस में पहुंचा पारा


हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में भीषण ठंड दर्ज की गई। शुक्रवार को बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। पालमपुर, सोलन, मनाली, नारकंडा, रिकांगपिओ और ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। राजधानी शिमला और समदो में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे के चलते सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें