नई दरों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की वृद्धि हुई है। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है।
इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में मिलेगा। नई कीमतें 1 जून से लागू कर दी गई हैं।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
गौरतलब है कि गैस कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 1 मई को भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में बड़ा इजाफा किया गया था।
कमर्शियल सिलेंडर मुख्य रूप से होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जाते हैं। ऐसे में कीमत बढ़ने का असर खाने-पीने की वस्तुओं और सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
हालांकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।
इससे उन लाखों परिवारों को राहत मिली है, जो पहले से ही बढ़ती महंगाई का सामना कर रहे हैं।
वैश्विक हालात का असर
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर एलपीजी की कीमतों पर भी पड़ रहा है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है, ऐसे में वैश्विक बाजार में किसी भी उछाल का सीधा असर घरेलू कीमतों पर दिखाई देता है।
आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार की स्थिति के आधार पर LPG कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।









