वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। एक जर्जर मकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से मकान पूरी तरह ढह गया, जिसमें दबकर भाई-बहन समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान प्रीति (27) और ओम कुमार चौधरी (30) के रूप में हुई है। वहीं अमन चौधरी (31) और गिरजा देवी (60) घायल हैं, जिनका इलाज BHU Trauma Center में चल रहा है।
तेज धमाके से दहला इलाका
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जब बाहर निकले तो देखा कि एक मकान पूरी तरह से ढह चुका था और उसके मलबे में चार लोग दबे हुए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
मौके पर पहुंची जांच एजेंसियां
घटना की सूचना पर एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन और एडीएम आलोक वर्मा समेत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण यह विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि गिरजा देवी अपने परिवार के साथ जर्जर मकान में रहती थीं और सुबह खाना बनाते समय यह हादसा हुआ
इलाज के दौरान दो की मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान प्रीति और ओम कुमार चौधरी ने दम तोड़ दिया।










