वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत रमण चौकी के पास स्थित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय लव कुश के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है, जिसके चलते मामला और गंभीर हो गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार रात एसटीपी प्लांट के आसपास कुछ युवकों द्वारा पार्टी किए जाने की चर्चा सामने आई है। बुधवार सुबह जब लोगों की नजर फंदे से लटके शव पर पड़ी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद लंका थाना और रमण चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
धरने पर बैठे परिजन, पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों का आरोप है कि लव कुश की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए मौके पर ही धरना शुरू कर दिया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं लाई जाती, वे शव को उठाने नहीं देंगे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और एसटीपी प्लांट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










