Fatehpur : शादी से लौट रही स्कार्पियो खंदक में गिरी, चार लोगों की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार तड़के कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही एक स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित होकर बड़ौरी ओवरब्रिज के पास पानी से भरे गहरे खंदक में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को पुलिस ने समय रहते बचा लिया।

जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के खुल्दाबाद स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र से नौ लोग कानपुर के मोतीझील इलाके में स्थित वाल्मीकि आश्रम में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात सभी उसी स्कार्पियो से वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह भोर के समय बड़ौरी ओवरब्रिज के पास अचानक स्कार्पियो का टायर फट गया। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गहरे पानी से भरे खंदक में जा समाई। वाहन में पानी भर जाने से चार लोगों की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान साहिल गुप्ता (26), शिवम साहू (28), रितेश सोनकर (28) और राहुल केसरवानी (25) के रूप में हुई है। वहीं, चालक राहुल कुमार, महेश, अमित, सुमित, और नीरज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें