वाराणसी में युवती से सामूहिक दुष्कर्म : मोबाइल ठीक कराने के बहाने ले जाकर घटना को दिया अंजाम, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती की सहेली उसे मोबाइल ठीक कराने के बहाने घर से बुलाकर गंगा किनारे ले गई, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया। इसके बाद पांच युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे अचेत हालत में छोड़कर फरार हो गए।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम करीब पांच बजे युवती घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद वह गंगा किनारे बदहवास अवस्था में मिली। परिवार के लोग उसे घर लाए, जहां होश में आने पर उसने आपबीती सुनाई।

घटना के अगले दिन परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी। प्रारंभिक स्तर पर कुछ दबाव की चर्चाओं के बीच पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

मेडिकल परीक्षण और पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। उसे वाराणसी के कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय जांच की गई।

चौबेपुर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिवार को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें