प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जीएसटी में किए गए बड़े बदलावों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस बार धनतेरस की चमक पहले से ज्यादा होगी, क्योंकि अब रोजमर्रा की दर्जनों चीजों पर टैक्स दरें घटा दी गई हैं। पीएम मोदी ने इसे “नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म” बताते हुए कहा कि यह देश की अर्थव्यवस्था के लिए डबल डोज ऑफ ग्रोथ साबित होगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि नए जीएसटी सुधार से गरीब, मध्यम वर्ग, महिलाएं, किसान, छात्र और युवाओं सभी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की सरकारें रसोई का सामान, खेती-किसानी के उपकरण, दवाइयां और यहां तक कि बीमा जैसी आवश्यक चीजों पर भी भारी टैक्स लगाती थीं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अगर वही दौर जारी रहता तो आज 100 रुपये की चीज पर आपको 20–25 रुपये टैक्स देना पड़ता। लेकिन हमारी सरकार का मकसद है कि लोगों की जेब में ज्यादा बचत हो और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बने।”
पीएम मोदी ने गिनाए सुधार के फायदे
-
टैक्स सिस्टम पहले से ज्यादा आसान हुआ
-
नागरिकों का जीवन स्तर ऊंचा होगा
-
खपत और विकास दोनों को नया बल मिलेगा
-
व्यापार करने में आसानी बढ़ेगी, जिससे निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा
-
मजबूत “सहकारी संघवाद” (Cooperative Federalism) से विकसित भारत का रास्ता और पक्का होगा
“कांग्रेस ने बढ़ाया था आपका खर्च”
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस ने आम लोगों का मासिक बजट बिगाड़ दिया था। यहां तक कि बच्चों की टॉफियों पर भी 21% टैक्स लगाया जाता था। अगर मैं ऐसा करता तो लोग मेरे बाल नोच लेते।”
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को भी इस सुधार से बड़ा फायदा होगा। जिम, योग और सैलून जैसी फिटनेस सेवाओं पर टैक्स घटा दिया गया है। इसका मतलब है कि युवा अब फिटनेस को और आसानी से अपनाकर ज्यादा सक्रिय जीवन जी पाएंगे।










