गुजरात एटीएस (Anti Terrorism Squad) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये तीनों पिछले एक साल से एटीएस के रडार पर थे और देशभर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
अडालज के पास हुई गिरफ्तारी
गुजरात एटीएस ने बताया कि तीनों संदिग्धों को अडालज इलाके के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के वक्त वे हथियार सप्लाई करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके से कई हथियार और संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है।
हैदराबाद के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों युवक हैदराबाद के रहने वाले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वे एक नए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हुए थे, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में हमलों की योजना बना रहा था।
एक साल से एटीएस की निगरानी में थे
गुजरात एटीएस ने बताया कि इन संदिग्धों की गतिविधियों पर पिछले एक साल से नजर रखी जा रही थी। टीम ने लगातार इनके मूवमेंट, संपर्क और नेटवर्क पर नजर रखी और सही मौके पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
देशभर में फैले नेटवर्क की जांच जारी
एटीएस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। अब टीम इनसे जुड़े अन्य लोगों और संभावित हमले के ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, “यह गिरफ्तारी देश में संभावित आतंकी हमलों को रोकने की दिशा में बड़ी सफलता है।”










