झारग्राम। पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर पहुंचे नरेंद्र मोदी का देसी और सहज अंदाज एक बार फिर सुर्खियों में है। रैली के बीच अचानक रुककर उन्होंने सड़क किनारे एक दुकान से झालमुड़ी खरीदी और उसका स्वाद लिया। इस दौरान उनका एक संवाद 10 रुपए देना है न…सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, झारग्राम में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी हेलिपैड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे कॉलेज मोड़ के पास स्थित एक स्थानीय दुकान पर रुक गए। यहां उन्होंने झालमुड़ी खरीदी, खाई और आसपास मौजूद लोगों से बातचीत भी की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री दुकानदार से बातचीत करते हुए सहज अंदाज में पैसे देने की बात करते हैं। उनके आसपास समर्थकों की भीड़ जुट जाती है और लोग इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगते हैं।
इसके बाद पीएम मोदी ने खुद इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। लोग उनके इस सरल और जमीन से जुड़े व्यवहार की सराहना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री इन दिनों पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और लगातार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। ऐसे में उनके इस छोटे से ठहराव ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।










