मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। कुछ मीडिया चैनलों ने भी बिना पुष्टि के यह खबर चला दी। इसके बाद अभिनेता की पत्नी हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर कड़ा रुख अपनाते हुए इन अफवाहों पर नाराजगी जताई।
हेमा मालिनी ने लगाई फटकार
हेमा मालिनी ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, जो हो रहा है वह माफ़ करने योग्य नहीं है! कैसे ज़िम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहे हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। कृपया परिवार और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें।”
हेमा मालिनी की यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में वायरल हो गई। फैंस और सेलेब्रिटीज़ ने भी कमेंट करते हुए अफवाह फैलाने वालों पर नाराजगी जताई।
फैंस ने जताया गुस्सा
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि “जब परिवार को मुश्किल समय में साथ देना चाहिए, तब उन्हें ऐसी झूठी खबरों पर सफाई देनी पड़ रही है।” एक यूजर ने कहा, “लोगों ने बिना सोचे समझे धर्मेंद्र जी की मौत की खबर व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दी, जो बेहद शर्मनाक है।”
ईशा देओल ने दी पिता के स्वास्थ्य की जानकारी
इस अफवाह के बाद धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने भी आगे आकर फैंस को भरोसा दिलाया कि उनके पिता की तबीयत स्थिर है। उन्होंने लिखा, मेरे पापा की तबीयत स्थिर है और वे रिकवरी कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। पापा की जल्दी ठीक होने की दुआओं के लिए आप सभी का धन्यवाद।”
बॉलीवुड सितारे पहुंचे अस्पताल
बता दें कि सोमवार रात सनी देओल अपने पिता से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इसके अलावा शाहरुख खान और सलमान खान भी मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में धर्मेंद्र का हाल जानने पहुंचे।










