ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर: अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, 5 की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्य प्रदेश। शहर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच लोगों की जिंदगी छीन ली, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब तीन बजे बस स्टैंड के पास परशुराम चौराहे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

मौके पर ही चार की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मंदिर से लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान शुभम उर्फ लाली (30), उनकी पत्नी शगुन, ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), ताई लीला (52) और मेरठ निवासी प्रीति (60) के रूप में हुई है।

वहीं हादसे में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। ऑटो चालक को सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

भाग रही स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे से पहले स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस उसके पीछे लग गई। भागने के दौरान चालक ने तेज रफ्तार में ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल कराया जा रहा है।

सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है। वहीं एसपी धर्मवीर यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें