मिर्जापुर: जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के खजूरी गांव में बुधवार दोपहर घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब मामूली बात पर गुस्साए पति ने तवे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी रोहित तीन दिन पहले ही बाहर से गांव लौटा था। बुधवार को उसकी पत्नी किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि रोहित ने आवेश में आकर तवे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी नितेश सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आरोपी पति को तुरंत हिरासत में ले लिया है। मृतका के परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










