गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में विकास योजनाओं की सौगात और कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सांसद और अभिनेता रवि किशन ने जनता को संबोधित करते हुए विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया।
संसद न चलने पर जताई नाराजगी
रवि किशन ने कहा कि संसद में हंगामे के कारण 2,298 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि एक दिन भी सदन की कार्यवाही ठीक से नहीं चल पाई। उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने टैक्स को 18% से घटाकर 5% कर दिया है। साबुन, तेल, शैंपू और टीवी जैसे रोजमर्रा के सामान पर भी जीएसटी कम किया गया है, जिससे आम जनता को राहत मिली है।
विपक्ष पर हमला
भाजपा सांसद ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा, “जब विरोधियों को कोई घोटाला या भ्रष्टाचार का मुद्दा नहीं मिलता तो वे गंदी और स्तरहीन राजनीति पर उतर आते हैं। बिहार में प्रधानमंत्री मोदी की मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी इसका ताजा उदाहरण है। यह दर्शाता है कि राजनीति का स्तर आज कितना गिर चुका है।”
उन्होंने कहा कि मोदी और योगी की छवि बेदाग है, इसी वजह से विरोधी व्यक्तिगत हमले करने पर मजबूर हो गए हैं।
जनता को किया सतर्क
रवि किशन ने लोगों को चेताते हुए कहा कि विपक्षी दल बार-बार ‘वोट चोरी’ का झूठा नारा लगाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा वोट चोरी करती तो 350 से ज्यादा सीटें क्यों न जीतती? यूपी में 42 सीटें क्यों हार जाती? उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को बेवकूफ समझता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
2024 चुनाव का हवाला
सांसद ने कहा, “आपने 2024 का चुनाव देखा है। यह समय बेहद संवेदनशील है। हर वोट पर नजर रखनी होगी। विरोधी अब उग्र और खतरनाक रूप ले रहे हैं। ऐसे में समाज को जागरूक और सजग रहना जरूरी है।”










