उत्तर प्रदेश में दिसंबर का महीना ठंड का असर और तेज लेकर आया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने वाली है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। बीते 24 घंटे में यूपी का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
ऐसे में लोगों को स्वेटर, शॉल के साथ ही ब्लोवर और हीटर का सहारा लेना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान इसी तरह गिरता रहा तो जल्द ही प्रदेश में शीतलहर (Cold Wave) का असर दिखने लगेगा।
आज कैसा रहेगा मौसम
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 3 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, हालांकि घने कोहरे को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।
लखनऊ का मौसम: सुबह कोहरे की चादर, दिन में धूप
राजधानी लखनऊ में बुधवार की सुबह कोहरे के साथ होगी। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ रहेगा।
-
न्यूनतम तापमान: 11°C
-
अधिकतम तापमान: 26°C
यह तापमान बीते 24 घंटे की तुलना में करीब 1 डिग्री कम है।
अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और कानपुर में भी लगभग ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।
नोएडा-गाजियाबाद में भी दिखेगा कोहरा
दिल्ली-एनसीआर के जिले नोएडा और गाजियाबाद में सुबह मध्यम कोहरा छा सकता है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर और बरेली में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की उम्मीद है।
पूर्वांचल के जिले भी ठंड की चपेट में
आईएमडी के मुताबिक, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, आजमगढ़, गोरखपुर, कौशाम्बी और चंदौली में सुबह हल्का कोहरा नजर आएगा। दोपहर तक मौसम सामान्य हो जाएगा।
5 दिसंबर से और गिरेगा तापमान
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि
5 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके कारण यूपी के कई शहरों में तापमान और गिरेगा।
-
न्यूनतम तापमान 3°C तक गिर सकता है
-
ठंड और कोहरा दोनों बढ़ेंगे










