स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। उन्होंने ‘प्रधान मंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत की, जिसके तहत 1 लाख करोड़ रुपये का विशेष फंड तैयार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस योजना के माध्यम से पूरे देश में लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह योजना रोजगार सृजन, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी। मोदी ने कहा कि इस पहल से युवाओं को न केवल नौकरी मिलेगी, बल्कि स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने इसे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का अवसर देगी। यह योजना आज से पूरे देश में लागू हो गई है।
पहली नौकरी पर आर्थिक सहायता
सरकार ने योजना के तहत यह प्रावधान भी किया है कि किसी भी युवक या युवती को निजी क्षेत्र में पहली नौकरी मिलने पर 15 हजार रुपये की एकमुश्त राशि दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार की ओर प्रेरित करना और उनके करियर की शुरुआत में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।










