महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता सुनेत्रा पवार आज (31 जनवरी) राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। अजित पवार के असामयिक निधन के बाद यह लगभग तय माना जा रहा था कि पार्टी और गठबंधन की कमान सुनेत्रा पवार के हाथों में सौंपी जाएगी।
शपथ ग्रहण से पहले दोपहर 2 बजे विधान भवन में एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे मुंबई में उनका शपथ समारोह आयोजित होगा। पार्टी ने सभी संवैधानिक और संगठनात्मक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने विधायक दल की बैठक से जुड़ा आधिकारिक पत्र विधानसभा सचिवालय को सौंप दिया है।
मुंबई पहुंचीं सुनेत्रा पवार, तैयारियां पूरी
सुनेत्रा पवार पहले ही बारामती से मुंबई पहुंच चुकी हैं। शपथ समारोह को लेकर अंतिम तैयारियां की जा रही हैं। उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्हें राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देना होगा। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि खाली होने वाली राज्यसभा सीट पर पार्थ पवार को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार का जन्म वर्ष 1963 में महाराष्ट्र के धराशिव जिले में हुआ था। उनके पिता बाजीराव पाटिल अपने समय के प्रभावशाली स्थानीय नेता रहे हैं, जबकि पूर्व मंत्री और सांसद पद्मसिंह पाटिल उनके सगे भाई हैं। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने 1983 में संभाजीनगर स्थित सरस्वती भुवन कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक की डिग्री हासिल की।
साल 1985 में उनका विवाह अजित पवार से हुआ। विवाह के बाद लंबे समय तक वे सक्रिय राजनीति से दूर रहीं, लेकिन सामाजिक सरोकारों से उनका जुड़ाव लगातार बना रहा।
सामाजिक काम से बनाई पहचान
सुनेत्रा पवार का सामाजिक जीवन काटेवाड़ी गांव से जुड़ा रहा। गांव में सार्वजनिक शौचालय निर्माण और स्वच्छता अभियानों की पहल उनके पहले बड़े सामाजिक प्रयासों में गिनी जाती है। इन प्रयासों के चलते वर्ष 2006 में काटेवाड़ी गांव को ‘निर्मल ग्राम पुरस्कार’ मिला और गांव को हगंडारी मुक्त घोषित किया गया।
साल 2008 में उन्होंने ‘बारामती हाई टेक टेक्सटाइल पार्क’ की स्थापना की और इसकी अध्यक्ष रहीं। इसके अलावा वे विद्या प्रतिष्ठान की ट्रस्टी भी हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय
सुनेत्रा पवार वर्ष 2011 से फ्रांस स्थित थिंक टैंक ‘वर्ल्ड एंटरप्रेन्योरशिप फोरम’ की सदस्य हैं। 2017 से वे सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की सीनेट का भी हिस्सा हैं। एनसीपी में विभाजन के बाद उन्होंने राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की।
राजनीति में औपचारिक एंट्री
2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बारामती सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें सुप्रिया सुले से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया और 18 जून 2024 को उन्हें राज्यसभा भेजा गया। अब सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनकर एक नया इतिहास रचने जा रही हैं।
बारामती की बहू से राज्यसभा सांसद और अब डिप्टी सीएम तक का उनका यह सफर महाराष्ट्र की राजनीति में महिला नेतृत्व के लिए एक मजबूत संदेश माना जा रहा है।










