Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपनी ही छह साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। दिल को झकझोर देने वाली इस घटना में मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी का गला घोंट दिया और फिर 36 घंटे तक हत्या की सच्चाई को छिपाने की कोशिश करती रही।
साजिश के तहत पति को फंसाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला रोशनी खान ने रविवार को ही अपनी बेटी सोना की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने हत्या के आरोप में अपने पति शाहरूख को फंसाने की योजना बनाई। सोमवार की रात जब शाहरूख बेटी से मिलने आया, तो रोशनी ने उससे झगड़ा किया और उसे घर से भगा दिया। उसी रात करीब तीन बजे रोशनी ने पुलिस को बेटी की मौत की सूचना दी।
पुलिस को मिली साजिश की भनक
मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में तेज बदबू और शव की हालत देख कर संदेह हुआ कि हत्या कुछ घंटों पहले नहीं, बल्कि काफी पहले हुई है। जब रोशनी ने शाहरूख पर आरोप लगाया तो पुलिस ने उसे और उसके प्रेमी उदित जायसवाल को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की।
प्रेमी ने उगला सच, मां ने किया कबूल
पूछताछ में उदित टूट गया और उसने सारी सच्चाई बयां कर दी। उसने कबूल किया कि रोशनी के साथ मिलकर उन्होंने रविवार को ही बच्ची की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पुष्टि हुई कि मौत 36 घंटे पहले हुई थी।
हत्याकांड के चौंकाने वाले खुलासे
जांच में यह भी सामने आया कि रोशनी ने सोती हुई बेटी के पेट पर चढ़कर उसका गला दबा दिया। बच्ची चीखी, नाक से खून बहा, लेकिन मां का दिल नहीं पसीजा। हत्या के बाद दोनों ने कमरे में पार्टी भी की और शव को वहीं छोड़ दिया।
पति से थी अनबन, प्रेमी के साथ रह रही थी मां
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार रोशनी पिछले दो साल से अपने पति शाहरूख से अलग रह रही थी और प्रेमी उदित के साथ लिव-इन में थी। वह पति से बदला लेना चाहती थी, इसलिए मासूम बेटी को मारकर शाहरूख को दोषी ठहराने की योजना बनाई।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने रोशनी और उदित को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल एक अपराध है, बल्कि एक मां की ममता को कलंकित करने वाली घटना बन गया है।










