सिलेंडर धमाकों से दहला लखनऊ: 10 KM तक दिखीं आग की लपटें, 200 झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। विकासनगर में बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे शहर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी भयावह थी कि 30 से ज्यादा गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस हादसे में 50 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के करीब 20 मकानों को एहतियातन खाली करा लिया गया।

फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर लगातार काम कर रही हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली काट दी गई है ताकि आग और न फैले।

डीजी फायर सुजीत पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही बीकेटी और इंदिरा नगर समेत आसपास के फायर स्टेशन से 20 से अधिक गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। टीम ने आग को फैलने से रोकने में काफी हद तक सफलता पाई है।

लोगों का सब कुछ जलकर राख

घटना में कई परिवारों का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चारों तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल है। एक युवक ने दावा किया कि उसके चार बच्चों की इस हादसे में मौत हो गई, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सरकार अलर्ट मोड पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्थानीय विधायक ओपी श्रीवास्तव भी मौके पर मौजूद रहे।

राहत-बचाव जारी

फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। प्रशासन का कहना है कि अभी तक किसी भी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें