कोलकाता के नाजिराबाद इलाके में सोमवार तड़के एक ड्राई फूड गोदाम में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। गोदाम के अंदर से दो शव बरामद किए गए हैं। परिजनों का कहना है कि आग लगने के बाद से करीब 20 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
तड़के 3 बजे लगी आग, 15 दमकल गाड़ियां मौके पर
पुलिस के अनुसार, आग सोमवार (26 जनवरी 2026) सुबह करीब 3 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग पर आंशिक काबू पाने के बाद फायर फाइटर्स गैस कटर की मदद से इमारत के अंदर दाखिल हुए।
दो गोदामों तक फैली लपटें, सब कुछ जलकर खाक
आनंदपुर के नाजिराबाद स्थित इस गोदाम में सूखा, पैकेट वाला खाना और सॉफ्ट ड्रिंक्स की बोतलें रखी थीं। दमकल विभाग ने बताया कि आग तेजी से फैलते हुए पास के दो अन्य गोदामों तक पहुंच गई, जिससे लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया।
संकरी गली बनी बड़ी चुनौती
दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गोदाम संकरी गली में होने के कारण लंबी पाइप से पानी की सप्लाई नहीं हो पाई, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ हिस्सों में अब भी आग सुलग रही है और उसे पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है।
रात की ड्यूटी पर थे कर्मचारी, बाहर से बंद होने का आरोप
बताया जा रहा है कि आग के वक्त रात की ड्यूटी पर मौजूद कई कर्मचारी अंदर फंस गए थे। इनमें गोदाम में तैनात छह सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गोदाम बाहर से बंद था, जिसके चलते अंदर मौजूद लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके।
मंत्री अरूप बिस्वास बोले— राजनीति नहीं, राहत जरूरी
घटनास्थल पर पहुंचे राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “पुलिस और फायर सर्विस मिलकर काम कर रही है। आग काफी हद तक नियंत्रण में है और फायर फाइटर्स अंदर पहुंच चुके हैं। अंदर कोई फंसा है या नहीं, इसका पता बाद में चलेगा। यह राजनीति करने का समय नहीं, बल्कि अधिकारियों को अपना काम करने देने का समय है।”
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग ने जांच शुरू कर दी है। लापता लोगों की तलाश और घायलों के इलाज का काम जारी है।










