मऊ : बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदली, स्कार्पियो-ट्रेलर टक्कर में परिवार के 5 लोगों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मऊ में बेटी की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर लौट रहा एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। शनिवार देर रात दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर स्कार्पियो और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

बेटी की शादी के बाद लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह पत्नी अर्चना श्रीवास्तव और बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव के साथ स्कार्पियो से वापस घर लौट रहे थे।

वाहन बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश पीछे बैठा था। परिवार के साथ उनका पालतू कुत्ता भी मौजूद था।

झपकी लगते ही अनियंत्रित हुई स्कार्पियो

बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे चालक को झपकी आ गई। इसके चलते स्कार्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग फंस गए।

ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सभी शव बाहर निकाले गए।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांव में मातम पसर गया।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें