मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का दर्शन और पूजन किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।
वैदिक मंत्रों के बीच किया जलाभिषेक
डॉ. मोहन यादव ने मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के आचार्यों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया।
‘काशी में दर्शन से मिली आत्मिक शांति’
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से आए हैं और आज बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचकर स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशी में दर्शन से मन को विशेष शांति और प्रसन्नता मिली है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि काशी आध्यात्म और संस्कृति की अनुपम नगरी है। यहां आकर आत्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से देश और प्रदेश की निरंतर उन्नति, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के काशी विश्वनाथ धाम दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया और पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।










