वाराणसी। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को लेकर वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व की धार्मिक गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें नवरात्र के दौरान बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
यह फैसला सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता वाराणसी के महापौर Ashok Kumar Tiwari ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए ताकि शहर में नवरात्र के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहे।
मंदिर मार्गों की मरम्मत और सफाई पर विशेष ध्यान
बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया जाए। जहां भी सड़क पर गड्ढे या क्षति हो, वहां तुरंत पैच वर्क कराकर मरम्मत कराई जाए।
इसके साथ ही शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव कराने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया, ताकि स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा दोनों बनी रहे।
सीवर और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
महापौर ने जलकल विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि नवरात्र के दौरान शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मार्ग प्रकाश व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद
शहर में रात के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए आलोक विभाग को सभी मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में नगर आयुक्त Himanshu Nagpal ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।










