Muzaffarnagar Murder Case : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दोस्त की गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामला इतना बिगड़ गया कि प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड और तीन दोस्तों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
जंगल में मिला था खून से लथपथ शव
यह घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव की है, जहां दो दिन पहले जंगल से एक युवक का खून से सना शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान अनुज के रूप में हुई। शुरुआत में यह एक ब्लाइंड मर्डर का केस लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने जांच की, तो चौंकाने वाली साजिश सामने आई।
दोस्ती के नाम पर की गई ब्लैकमेलिंग
जांच में पता चला कि मृतक अनुज, अपने दोस्त अक्षय के मोबाइल से उसकी गर्लफ्रेंड की तस्वीरें और नंबर चोरी से अपने मोबाइल में सेव कर लिया था। इसके बाद वह युवती को बार-बार कॉल करके मिलने का दबाव डाल रहा था। परेशान होकर लड़की ने सारी बात अपने प्रेमी अक्षय को बता दी।
गुस्से में आकर रची हत्या की साजिश
प्रेमिका से सारी बात जानने के बाद अक्षय ने पहले अनुज को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो उसने अपने तीन दोस्तों और गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
बहाने से बुलाया और फिर चाकू से मार डाला
20 जुलाई की शाम लड़की ने अनुज को कांवड़ यात्रा दिखाने के बहाने सुनसान इलाके में बने पुराने शराब ठेके के पास बुलाया। वहां पहले से मौजूद अक्षय और उसके साथियों ने मिलकर चाकू से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
48 घंटे में हुआ खुलासा, हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोगों में अक्षय, उसकी प्रेमिका, दीपक, अमन और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और दो मोबाइल भी बरामद किए हैं।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल सीज कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि ब्लैकमेलिंग और हत्या से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ सके।










