अगर आप इंस्टाग्राम पर रील्स देखते हैं, तो आपने कई बार नोटिस किया होगा कि ऐप का एल्गोरिद्म अपने हिसाब से वीडियो दिखाता है। कई बार ऐसे टॉपिक की रील्स भी फीड में आ जाती हैं जिनमें आपकी कोई दिलचस्पी नहीं होती। लेकिन अब इंस्टाग्राम आपके एक्सपीरियंस को पूरी तरह बदलने की तैयारी में है।
कंपनी एक नया फीचर टेस्ट कर रही है, जिसके जरिए यूजर्स अपनी रील्स और एक्सप्लोर फीड का कंटेंट अपनी पसंद के मुताबिक कस्टमाइज कर सकेंगे। फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज में है और कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है।
यूजर्स जोड़ सकेंगे अपने मनचाहे टॉपिक्स
इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोस्सी ने बताया कि कंपनी यूजर्स को उनके एल्गोरिद्म पर ज्यादा कंट्रोल देने की दिशा में काम कर रही है। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स अपने पसंदीदा टॉपिक्स ऐड या डिलीट कर पाएंगे। शुरुआत में यह फीचर केवल रील्स सेक्शन के लिए होगा, लेकिन आगे चलकर इसे एक्सप्लोर फीड में भी जोड़ा जाएगा।
ऐसे काम करेगा नया फीचर
इस फीचर के आने के बाद यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि वे अपने फीड में किस तरह की रील्स ज्यादा या कम देखना चाहते हैं। इससे इंस्टाग्राम का रिकमंडेशन सिस्टम पहले से अधिक पर्सनलाइज्ड और यूजर-फ्रेंडली बन जाएगा।
पिछले कुछ सालों में इंस्टाग्राम लगातार अपने रिकमंडेशन सिस्टम को पारदर्शी और कंट्रोल-फ्रेंडली बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी के तहत कंपनी पहले ही सेंसिटिव कंटेंट लिमिट, पैरेंटल कंट्रोल, और अनचाहे पोस्ट छिपाने जैसे विकल्प पेश कर चुकी है।
वॉच हिस्ट्री फीचर भी हुआ लॉन्च
हाल ही में इंस्टाग्राम ने एक और नया फीचर “वॉच हिस्ट्री” पेश किया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स पहले देखी गई रील्स को फिर से देख सकेंगे। इसमें डेट, सप्ताह, महीना या किसी स्पेसिफिक तारीख के आधार पर रील्स सर्च करने की भी सुविधा दी गई है।
इंस्टाग्राम के ये नए फीचर यूजर्स के लिए प्लेटफॉर्म को और भी कंट्रोल्ड, आकर्षक और पर्सनलाइज्ड बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकते हैं।










