मथुरा। विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के निकट मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के गेट नंबर-5 के पास स्थित एक निजी मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। अचानक मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
4 से 6 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में चार से छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल वृंदावन के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मंदिर मार्ग पर लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बंदरों के भार से टूटा छज्जा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस निजी मकान का छज्जा गिरा, वह पहले से ही कमजोर स्थिति में था। बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले बड़ी संख्या में बंदर छज्जे पर आकर बैठ गए थे। अधिक भार पड़ने के कारण छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब छज्जा गिरा उस समय उसके नीचे कई श्रद्धालु खड़े थे, जिससे हादसा गंभीर हो गया।
प्रशासन जुटा जांच में
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के पुराने और जर्जर भवनों की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।









