प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो की शुरुआत बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से हुई, जो काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक करेंगे।
पीएम की एक झलक पाने उमड़ी भीड़
रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पूरे मार्ग पर “मोदी-मोदी” के नारों के साथ उत्साह का माहौल देखने को मिला।
भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जगह-जगह ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करते नजर आए। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
पांच प्रमुख जगहों पर हुआ स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के मंत्री और विधायक पांच प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि रोड शो के दौरान पीएम बंगाली समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग भी हो रही है।
हरदोई में करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से योगी आदित्यनाथ के साथ हरदोई रवाना होंगे।
हरदोई में पीएम गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा।
11 साल में 54वां काशी दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह 11 वर्षों में 54वां काशी दौरा है। साल 2026 में यह उनका पहला वाराणसी दौरा है। इससे पहले वह नवंबर 2025 में काशी आए थे।










