अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर भारी टैरिफ लगाने की चेतावनी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि देश अपने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों से किसी भी हालत में समझौता नहीं करेगा, चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
किसानों का कल्याण है सर्वोच्च प्राथमिकता
एम.एस. स्वामीनाथन शताब्दी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,”हमारे लिए देश के अन्नदाता—किसान, मछुआरे और डेयरी किसान, हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं। मैं जानता हूं कि उनके हक की रक्षा करने के लिए मुझे व्यक्तिगत तौर पर बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन मैं पूरी तरह तैयार हूं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है जिससे किसानों की आय बढ़े, और नई आजीविकाओं के रास्ते खुलें। सरकार किसानों को सिर्फ समर्थन नहीं दे रही, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।










