मुंबई मेयर पद पर सियासी संग्राम तेज, संजय राउत का आरोप– बीजेपी कर रही पार्षदों के फोन टैप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई में मेयर पद को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच चल रही खींचतान अब और तेज हो गई है। इस बीच उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने बड़ा और सनसनीखेज दावा किया है। मंगलवार को मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए राउत ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने ही पार्षदों के साथ-साथ शिवसेना के पार्षदों के फोन टैप करवा रही है।

संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के नवनिर्वाचित पार्षदों और शिवसेना के उन पार्षदों के फोन टैप किए जा रहे हैं, जिन्हें एक लग्जरी होटल में ठहराया गया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ता हर पार्षद की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।

दिल्ली से तय हो रहा मुंबई का मेयर : राउत

संजय राउत ने यह भी आरोप लगाया कि मुंबई का मेयर दिल्ली से तय किया जा रहा है, जो महाराष्ट्र का अपमान है। उन्होंने डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अपने ही सहयोगी दल पर भरोसा नहीं कर पा रही है, इसी वजह से इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं।

राज ठाकरे से मुलाकात के मायने

बीजेपी-शिवसेना के बीच जारी तनाव के बीच संजय राउत ने मंगलवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि मेयर चुनाव से पहले यह मुलाकात राजनीतिक रूप से अहम है। गौरतलब है कि बीजेपी और शिवसेना गठबंधन ने बीएमसी चुनाव में मिलकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि शिवसेना ने 29 सीटें जीती हैं। दोनों दलों के पास कुल 118 पार्षद हैं, जो बहुमत से चार ज्यादा हैं।

चुनाव जीतने के बाद शिवसेना ने अपने पार्षदों को एक लग्जरी होटल में शिफ्ट कर दिया था, जिसे पार्टी ने ओरिएंटेशन वर्कशॉप का नाम दिया। हालांकि, मेयर पद को लेकर शिवसेना ने भी खुलकर दावा ठोक दिया है।

बीजेपी का पलटवार, आरोप सिरे से खारिज

संजय राउत के आरोपों पर बीजेपी ने कड़ा पलटवार किया है। बीजेपी पार्षद नवनाथ बन ने कहा कि पार्टी को फोन टैपिंग जैसी किसी हरकत की जरूरत नहीं है। उन्होंने उल्टा सवाल उठाते हुए कहा कि जब महाविकास अघाड़ी की सरकार थी, तब एकनाथ शिंदे और उदय सामंत का फोन किसने टैप किया था, इसका जवाब संजय राउत दें। बीजेपी ने साफ किया कि पार्टी को अपने पार्षदों पर पूरा भरोसा है और वह इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें