मुंबई। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए उसे “गुंडों की पार्टी” करार दिया है। साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भी अपने निशाने पर लिया है।
संजय राउत ने कहा कि बीजेपी अब आधिकारिक तौर पर गुंडों की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अजित पवार की पार्टी में महाराष्ट्र के कई कुख्यात अपराधी शामिल हैं और ऐसे ही लोग पुणे, मुंबई और नासिक जैसे बड़े शहरों में चुनावी मैदान में उतारे जा रहे हैं।
आईएएनएस से बातचीत में राउत ने कहा, “बीजेपी हमेशा नैतिकता और संस्कार की बात करती है, लेकिन चुनाव आते ही वही पार्टी गुंडों और भ्रष्ट लोगों को टिकट देती है। शिवसेना और मराठी मानुष को हराने के लिए ये लोग अपराधियों की मदद ले रहे हैं, और यही उनकी सबसे बड़ी हार है।”
राउत के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। नगर निगम चुनाव से पहले इस तरह के तीखे बयान चुनावी माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना सकते हैं। विपक्षी दल इन आरोपों को जनता के बीच जोर-शोर से उठाने की तैयारी में हैं।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, जबकि मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में सियासी घमासान और ज्यादा तेज होने के आसार हैं।










