समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल पर एसपी के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। 15 अगस्त को इटावा में जिला सहकारी बैंक में तिरंगा फहराने पहुंचे शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में पूजा पाल को अनुशासनहीनता का दोषी ठहराते हुए तीखे शब्दों में हमला बोला।
क्या कहा शिवपाल यादव ने?
शिवपाल यादव ने कहा कि पूजा पाल को पार्टी में अनुशासन का पालन करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का उदाहरण देते हुए कहा, “जो हाल केशव प्रसाद मौर्य का हुआ, वही पूजा पाल का भी होगा। वह न विधायक बन पाएंगी और न चुनाव जीत पाएंगी। केशव मौर्य लोकसभा भी हारे और विधानसभा भी, अब पूजा पाल का भी यही हश्र होगा।”
निष्कासन की वजह
पूजा पाल को समाजवादी पार्टी ने उस समय बाहर का रास्ता दिखाया जब उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा था, “सीएम योगी ने मेरे पति के हत्यारे को मिट्टी में मिला दिया, इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूं।”
उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल मचा दी और कुछ ही घंटों में सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने दोहराया कि किसी भी सदस्य को पार्टी में रहते हुए अनुशासन बनाए रखना चाहिए, लेकिन पूजा पाल ने इस मर्यादा का उल्लंघन किया।










