वाराणसी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड में रविवार को आयोजित बूथ दिवस के मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को यह दवा जरूर पिलाएं।
सीएमओ ने बताया कि रविवार को जनपद के कुल 1,813 बूथों पर 2,83,637 बच्चों को पोलियो की वैक्सीन दी गई। इनमें शहरी क्षेत्र के 715 बूथों पर 78,586 और ग्रामीण क्षेत्र के 1,098 बूथों पर 2,05,051 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।
उन्होंने बताया कि सोमवार से 19 दिसंबर तक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की वैक्सीन पिलाएंगी। इसके बाद भी यदि कोई बच्चा छूट जाता है, तो उसे 22 दिसंबर को वैक्सीन दी जाएगी। इस अभियान के तहत जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 5,27,562 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं, साथ ही नियमित टीकाकरण के सभी टीके उम्र के अनुसार समय पर लगवाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. एस.एस. कनौजिया ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों और कंपोजिट स्कूलों में बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। उन्होंने बताया कि पोलियो की पहली खुराक जन्म के समय दी जाती है, इसके बाद 6, 10 और 14 सप्ताह पर ड्रॉप पिलाई जाती है। वहीं 16 से 24 महीने की उम्र में इसकी बूस्टर डोज दी जाती है।

इस अभियान में इनर व्हील क्लब, वाराणसी की ओर से प्रचार-प्रसार के लिए ट्रांजिट टीमों को पोलियो लोगो युक्त 10 जैकेट भी प्रदान किए गए।
इस मौके पर डिप्टी डीआईओ डॉ. नवीन सिंह, अधीक्षक डॉ. देवव्रत, अपार शोध अधिकारी उपाध्याय, डब्ल्यूएचओ से डॉ. विकास गुप्ता, यूनिसेफ, यूएनडीपी, डीसी एवं सीएसओ कोऑर्डिनेटर समेत अन्य अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं काशी विद्यापीठ सीएचसी, मंडुआडीह पीएचसी, भीटी, मलरिया, तारापुर, मदरवा केंद्र, अराजीलाइन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय लहिया, चोलापुर के लतौनी आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य बूथों पर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।










