Ranji Trophy : वैभव सूर्यवंशी को 14 साल की उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी, रणजी ट्रॉफी के लिए बनाया गया उपकप्तान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वैभव सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म लगातार जारी है। आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उन्होंने इंग्लैंड और फिर ऑस्ट्रेलिया में भी अपने आक्रामक खेल से सबका ध्यान खींचा। अब वह घरेलू क्रिकेट में भी धमाल मचाने को तैयार हैं। दरअसल, उन्हें रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार क्रिकेट टीम का उपकप्तान बनाया गया है।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने रविवार को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम की घोषणा की। 15 खिलाड़ियों की इस सूची में वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान के रूप में शामिल किए गए हैं। यह नियुक्ति टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक दो दिन पहले हुई। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई के निर्देश के बाद दो सदस्यीय चयन पैनल में एक तदर्थ चयनकर्ता की नियुक्ति में देरी के कारण यह निर्णय देर से लिया गया।

शकिबुल गनी बने कप्तान

बिहार टीम की कमान शकिबुल गनी के हाथों में सौंपी गई है। रणजी ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज में बिहार का पहला मुकाबला बुधवार, 15 अक्टूबर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मोईन-उल-हक स्टेडियम में खेला जाएगा।

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए बिहार की टीम

पियूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, शकिबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अर्णव किशोर, आयुष आनंद लोहरूका (विकेटकीपर), बिपिन सौरभ (विकेटकीपर), अमोद यादव, नवाज खान, साकिब हुसैन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम, सचिन कुमार।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चमके थे सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी का प्रमोशन उनके हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे में शानदार प्रदर्शन के कारण हुआ है। वह हाल ही में इंडिया अंडर-19 टीम के साथ वहां से लौटे हैं। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच में उन्होंने मात्र 78 गेंदों में शतक जड़ा था। तीन पारियों में 133 रन बनाकर वे बहु-दिवसीय सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

इंग्लैंड दौरे पर भी मचाया था धमाल

इससे पहले वैभव ने इंग्लैंड दौरे पर भी कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने युवा वनडे मैच में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उस मैच में उन्होंने 143 रन ठोके थे, जबकि पूरी सीरीज में 5 मैचों में 174.01 की स्ट्राइक रेट से 355 रन बनाए थे।

युवा क्रिकेट में लगातार दमदार प्रदर्शन के चलते अब वैभव सूर्यवंशी से उम्मीदें और बढ़ गई हैं। बिहार टीम में उपकप्तानी की जिम्मेदारी उनके करियर के अगले बड़े पड़ाव की ओर संकेत दे रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें