Battle of Galwan : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ (Battle of Galwan) को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, लेकिन इसकी रिलीज डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि यह फिल्म ईद 2026 पर रिलीज नहीं होगी।
ईद पर क्यों नहीं आ रही सलमान की फिल्म?
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के निर्माता ईद 2026 पर फिल्म रिलीज करने के पक्ष में नहीं हैं। दरअसल, 19 मार्च 2026 को पहले से तीन बड़ी फिल्में रिलीज के लिए शेड्यूल हैं—यश की ‘टॉक्सिक’, ‘धमाल 4’, और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’। हालांकि भंसाली की फिल्म की रिलीज को लेकर अभी संशय बना हुआ है, लेकिन फिर भी दो फिल्मों का क्लैश तय माना जा रहा है।
एक सूत्र ने बताया, “सलमान खान आमतौर पर बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचना पसंद करते हैं। ऐसे में वह अपनी फिल्म को ईद के बजाय किसी और डेट पर रिलीज करने के मूड में हैं।”
जनवरी या जून में हो सकती है रिलीज
सूत्रों की मानें तो फिलहाल मेकर्स जनवरी और जून 2026 को संभावित रिलीज डेट के तौर पर देख रहे हैं। फरवरी के तीसरे हफ्ते से रमज़ान का महीना शुरू हो रहा है, और इसके बीच कई फिल्में पहले से लाइन में हैं। इसलिए जनवरी और जून पर फोकस किया जा रहा है।
मेकर्स फिल्म की शूटिंग 55-60 दिनों में पूरा करने का प्लान बना रहे हैं। अगर सब कुछ तय समय पर हो गया तो फिल्म जनवरी में रिलीज हो सकती है। लेकिन अगर पोस्ट-प्रोडक्शन में ज्यादा वक्त लगा तो फिल्म को जून में लाया जाएगा।
ईद-उल-अधा और IPL की टक्कर से बचना चाहती है टीम
27 मई 2026 को Eid al-Adha है, लेकिन उस समय IPL सीज़न भी चल रहा होगा, जो 31 मई को समाप्त होगा। यही वजह है कि मेकर्स इस अवधि को भी रिलीज के लिए उपयुक्त नहीं मान रहे हैं।
सूत्र ने कहा, “सलमान खान इतने बड़े स्टार हैं कि उन्हें फिल्म हिट कराने के लिए त्योहार की रिलीज डेट की ज़रूरत नहीं होती।”
सलमान की पिछली फिल्म रही थी फ्लॉप
गौरतलब है कि सलमान खान को पिछली बार ‘सिकंदर’ फिल्म में देखा गया था, जिसमें रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में थीं। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी।










