वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लच्छिमनपुर में गुरुवार सुबह एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या से हड़कंप मच गया। 45 वर्षीय अनुपमा पटेल की खून से लथपथ लाश उनके घर के एक कमरे से बरामद हुई। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। सुबह करीब 8 बजे दूध सप्लाई का काम करने वाले उनके पति शैलेश घर लौटे तो भयावह दृश्य देखकर दहाड़ें मारकर रोने लगे। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह 8 बजे पति लौटा तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली
पति शैलेश ने बताया कि रोज की तरह सुबह 5 बजे वह दूध के पैकेट लेने घर से निकले थे। उस समय पत्नी उन्हें बाइक तक छोड़ने आई थीं और घर में झाड़ू लगा रही थी। जब वह सुबह 8 बजे लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर पत्नी नहीं दिखीं तो उन्होंने आसपास खोजा। घर के एक कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। जैसे ही उन्होंने कुंडी हटाकर कमरे में प्रवेश किया, भीतर पत्नी की लाश खून से लथपथ पड़ी हुई थी।
शैलेश की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हत्या की भनक किसी को नहीं लगी। किसी पड़ोसी ने न तो कोई आवाज सुनी और न ही किसी संदिग्ध को आते-जाते देखा।
कान फटे, झुमके गायब
पुलिस के अनुसार हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। महिला के कान फटे हुए थे और झुमके भी गायब थे, जिससे पुलिस को शक है कि कान से जेवर नोचे गए हैं।
पुलिस का मानना है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है, और प्रथम दृष्टया मामला लोभ या रंजिश से जुड़ा हो सकता है।
महिला का सिर बुरी तरह कुचला गया था, जिससे स्पष्ट होता है कि हत्यारा बेहद नृशंस इरादे से आया था।
पति से पूछताछ जारी
घटना के बाद पति शैलेश सदमे में हैं और पत्नी के शव से लिपटकर बिलखते रहे। पुलिस ने घर के कमरे से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और पति के फिंगर प्रिंट भी लिए हैं।
इसके अलावा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस शैलेश से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि गुरुवार सुबह वह कहां-कहां गया था और किससे मिला था। पुलिस हर संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
10 साल पहले हुई थी शादी
मृतका अनुपमा पटेल उर्फ सीता (45) बनारस के खजुरी केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में तैनात थीं। उनका मायका भी इसी इलाके में है। वे अपने पति के साथ लच्छिमनपुर में रह रही थीं। परिजनों के अनुसार, शादी को करीब 10 वर्ष हो चुके थे और दंपति की कोई संतान नहीं है।










